Bihar News ll भाजपा विधायक अरुणा देवी के पति अखिलेश सिंह पर आपराधिक गतिविधियों का आरोप, राजद ने सरकार पर साधा निशाना
Bihar News ll नवादा: बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भाजपा विधायक अरुणा देवी के पति अखिलेश सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक वायरल वीडियो को आधार बनाकर राजद ने दावा किया है कि अखिलेश सिंह ऑटोमेटिक हथियार के साथ कुछ गुर्गों के साथ मध्य रात्रि में एक व्यक्ति के घर पर हमला करने पहुंचे थे।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना नवादा जिले के वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र की बताई जा रही है। CCTV फुटेज में अखिलेश सिंह को गाली-गलौज करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि वह शराब के नशे में धुत थे और पीड़ित के घर पर उसकी हत्या करने की मंशा से पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे।
पीड़ित परिवार ने सुरक्षा कारणों से अपने घर पर सीसीटीवी कैमरा लगवाया था, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में विधानसभा का कार पास लगा हुआ वाहन (BR01-9620) और भाजपा का झंडा भी स्पष्ट रूप से दिख रहा है। यह घटना शाहपुर थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
राजद ने सरकार और प्रशासन पर उठाए सवाल
राजद ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार पुलिस पर तीखा हमला बोला। पार्टी ने सोशल मीडिया के जरिए आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने भाजपा के सामने बिहार को “बेच” दिया है और अब राज्य में अपराधियों का राज है।
राजद का कहना है कि सरकार और प्रशासन ऐसे अपराधियों के आगे नतमस्तक नजर आ रहे हैं। पार्टी ने सवाल किया कि जब यह घटना शाहपुर थाना से कुछ ही दूरी पर हुई, तो पुलिस ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की?
कानून व्यवस्था पर फिर खड़े हुए सवाल
यह घटना बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार और पुलिस अपराधियों को संरक्षण दे रही है, जिससे राज्य में अपराध बेलगाम हो गए हैं।
अब देखना होगा कि सरकार और पुलिस इस मामले पर क्या कार्रवाई करती है या यह भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।
खबर में बने रहने के लिए दियारा भूमि न्यूज़ को फेसबुक पर फॉलो करें ।